मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ग्रामीण चौकीदारों को दिया दिवाली का तोहफा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस और दीपावली के अवसर पर प्रदेश के ग्रामीण चौकीदारों को तोहफा देते हुए उनके मासिक मानदेय को 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार 221 रुपये करने की घोषणा की। इससे प्रत्येक चौकीदार को हर महीने 4 हजार 221 रुपये अधिक मिलेंगे जिससे प्रतिवर्ष उसे 50 हजार रुपये से भी अधिक का फायदा होगा। वर्ष 2014 में ग्रामीण चौकीदारों का मानदेय केवल 3,500 रुपये मासिक था जो आज बढ़कर 4 गुणा से भी अधिक हो गया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला में राज्यस्तरीय ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में मुख्यअतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधानसभा के उपाध्यक्ष डाॅ कृष्ण मिड्ढा, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल और विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक सुशील सारवान भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को धनतेरस और दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
कई बड़ी घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीण चौकीदारों के लिए कई और बडी घोषणाएं की जिसमें वार्षिक वर्दी भत्ता 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 हजार रुपये, लाठी, बैटरी, सीटी और छाते का वार्षिक भत्ता 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये, साइकिल भत्ता 3 हजार 500 रुपये से बढ़ाकर 5 हजार रुपये शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण चौकीदारों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार अब जल-कर्मियों और सफाई-कर्मियों की तर्ज पर ग्रामीण चौकीदारों को ईएसआई यानी कर्मचारी राज्य बीमा का लाभ मिलेगा। इससे बीमारी के समय उन्हें और उनके परिवारों को इलाज की सुविधा मिलेगी। दुर्घटना या दिव्यांगता की स्थिति में भी सहारा मिलेगा। उन्होने कहा कि इसके साथ ही, अब हर चौकीदार हरियाणा श्रम कल्याण कोष के दायरे में भी आएगा। इससे वह बेटे या बेटी की पढ़ाई अथवा शादी या परिवार की मदद की जरूरत में सरकार की योजनाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकेगा।
नशे के खिलाफ बने साथी
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण चौकीदारों से संवाद करते हुए आहवान किया कि वे नशे के खिलाफ लड़ाई में गांव के मजबूत साथी बनें। नशा परिवारों को तोड़ता है और नौजवानों के सपनों को नुकसान पहुंचाता है। आप अपने गांव की गलियों और लोगों को जानते हैं। अगर कोई नशा बेचता है, तो बिना डर उसकी सूचना दें। हरियाणा का युवा हमारा भविष्य है, और इस लड़ाई में वे सरकार का साथ दें। उन्होने कहा कि वे बेटियों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। स्कूल जाती बेटी हो, खेत में काम करती बहन हो या अकेले रहने वाले बुजुर्ग, जहां भी किसी को मदद की जरूरत हो, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से आगे आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र पोर्टल पर हर रिकॉर्ड सही और समय पर दर्ज करें। आपकी एक सही एंट्री किसी परिवार को समय पर उसका हक दिला सकती है। इसलिए इस काम को भी अपनी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा मानें।



