ChandigarhHaryanaPunjab

मोदी को बदनाम करने की स्क्रिप्ट लेकर घूम रही कांग्रेस

55 साल में कांग्रेस ने कितने गरीबों को गरीबी से बाहर निकाला : मुख्यमंत्री

आशीष श्रीवास्तव

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन वह आज भी यह नहीं बता सकती कि उसके शासनकाल में कितने लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए लागू की गई नीतियों और योजनाओं के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की यात्रा के रहे हैं, जिसका सकारात्मक बदलाव आज देश की जनता स्वयं अनुभव कर रही है।

पंचकूला में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का मुकाबला करने के लिए न कोई नीति है, न मुद्दा और न ही कोई ठोस एजेंडा। इसलिए कांग्रेस के नेता बाहर से लिखी स्क्रिप्ट लेकर प्रधानमंत्री को बदनाम करने का प्रयास करते हैं, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की निरंतर सेवा, त्याग और तपस्या की साक्षी है।

कांग्रेस के पास गरीबों के आंकड़े थे

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीब और गरीब होता गया। कांग्रेस के पास गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों के आंकड़े तो थे, लेकिन वह आज भी यह नहीं बता सकती कि उसके शासनकाल में कितने गरीबों को गरीबी से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक गरीबों का शोषण किया। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब के सम्मान और उसके जीवन स्तर में सुधार को सरकार की नीतियों के केंद्र में रखा। गरीब कल्याण की इसी सोच का परिणाम है कि लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

युवा अवसर मांग रहा था, तब कहां थी कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस के लोग युवाओं की बात करते हैं और सवाल उठाते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए क्या किया। कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि जब देश का युवा अवसर मांग रहा था, तब कांग्रेस कहां थी। उसके शासनकाल में युवाओं के लिए क्या नीति थी और देश के युवाओं की स्थिति क्या थी।

प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने से कांग्रेस को नहीं मिलेगा जनता का विश्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुद्दों से खाली कांग्रेस के पास अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने के अलावा कुछ नहीं बचा है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना उस गरीब का अपमान है, जिसे पक्का घर मिला है; उस महिला का अपमान है, जिसे सम्मान मिला है और उस युवा का अपमान है, जिसे आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button