Haryana

मुख्यमंत्री नायब सैनी आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर

हरियाणा में निवेश को आकृषित करने, औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने और प्रदेश में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों से देश-विदेश के निवेशकों को अवगत कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 27 और 28 अक्टूबर को गुजरात के सूरत और गांधीनगर का दौरा करेगा। इस दौरान निवेशकों के साथ प्रत्यक्ष संवाद, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें और हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो के माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक एवं आर्थिक संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा और निवेशकों को हरियाणा में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहेंगे।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अक्टूबर को सूरत में मुख्यमंत्री नायब सैनी निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विस्तार और हरियाणा में व्यवसाय स्थापित करने से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी। इसके उपरांत प्रवासी मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में हरियाणा के प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों के साथ संवाद होगा। कार्यक्रम में हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के समक्ष प्रदर्शित किया जाएगा।

गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो

डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि 28 अक्टूबर को गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस रोडशो का उद्देश्य हरियाणा में निवेश की व्यापक संभावनाओं से उद्योग जगत को अवगत कराना, निवेशकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना तथा प्रदेश में नए औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा में उपलब्ध औद्योगिक अवसंरचना, निवेश के अनुकूल नीतिगत वातावरण, मजबूत कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद व्यावसायिक अवसरों को रेखांकित किया जाएगा। साथ ही, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ निवेश प्रस्तावों, संभावित परियोजनाओं और व्यावसायिक साझेदारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा तथा निवेश संबंधी समझौता ज्ञापनों (MoUs) की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button