Punjab

E-20 पेट्रोल को लेकर AAP का नेशनल टाउनहॉल , देशभर के लोगों से मांगी जाएगी राय

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20’ का आयोजन करेगी। पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम में देशभर से ई-20 पेट्रोल से जुड़े मुद्दों पर प्रभावित लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपनी बात रखेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस टाउनहॉल का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना और ई-20 से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उनके साथ एक प्रमुख सार्वजनिक शख्सियत भी मौजूद रहेगी। हालांकि, उस व्यक्ति के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी भागीदारी

पार्टी के मुताबिक, टाउनहॉल शनिवार दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। दिल्ली-एनसीआर के लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर हिस्सा ले सकेंगे, जबकि देश के अन्य हिस्सों से लोग ऑनलाइन माध्यम से अपनी राय रखेंगे। आम आदमी पार्टी ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है।

E-20 को लेकर लगातार उठा रही है सवाल

आम आदमी पार्टी पिछले कुछ समय से E-20 पेट्रोल के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही है। पार्टी का दावा है कि ई-20 के इस्तेमाल से पुरानी गाड़ियों पर असर पड़ सकता है और माइलेज में कमी आने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। दूसरी ओर, केंद्र सरकार का कहना है कि E-20 ईंधन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित है।

AAP का कहना है कि उसने इस संबंध में कई ऑटोमोबाइल कंपनियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। पार्टी का दावा है कि कुछ कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक के दौरान मौखिक रूप से अपनी राय साझा की, जबकि इस संबंध में सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक लिखित पुष्टि सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button